शिवपुरी:जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सिलानगर गांव में आज मंगलवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर सुबह 10 बजे पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सिलानगर निवासी वीर सिंह आदिवासी अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ खेत पर बनी एक झोपड़ी में रहते थे।
रात 12 बजे के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया और रुक-रुक कर बारिश होने लगी। सुबह एक तेज आकाशीय बिजली सीधे झोपड़ी पर गिरी। बिजली गिरने की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। झोपड़ी में आग लग गई। वीर सिंह सीधे इसकी चपेट में आ गया। उसकी पत्नी ने दोनों बच्चों को जलती हुई झोपड़ी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पति को नहीं बचा पाईं।
