3 माह बाद एफआईआर दर्ज
जबलपुर: गोरखपुर थाना अंतर्गत जोगी मोहल्ला मेें जेवर चोरी और खाते से रकम चुराने के मामले में पुलिस ने तीन माह बाद एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक वैशाली डे पिता स्व. विश्वनाथ डे 31 वर्ष निवासी जोगी मोहल्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सितंबर 2025 नवरात्रि के समय मां श्रीमती रीवा डे घर में निवास नहीं कर रही थीं, क्योंकि उनका एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उनकी दाहिनी जांघ की हड्डी टूट गई थी।
इलाज के लिए वे बड़ी बहन श्रीमती सोनाली घोष के ससुराल रांझी रावण पार्क में रह रही थीं। नवरात्रि के अवसर पर घर की सफाई के लिए मां ने बड़ी बहन को उनके घर भेजा था एवं उसकी सहायता के लिए घरेलू सहायिका पारुल को भी बुलाया गया था। इसी दौरान पारुल को यह जानकारी हो गई कि घर की अलमारी की चाबी पूजा स्थान पर रखी हुई है। उक्त चाबी पारुल द्वारा बड़ी बहन को दी गई।
बाद में उसी दिन बहन अपने एक करीबी मित्र श्रीमती सोनू के साथ घर आई और उसी चाबी से अलमारी खोलकर सोने के आभूषण निकाल लिए। इसके पश्चात वे लोग सराफा बाजार गए, जहाँ सोने को गलवाकर नकद राशि प्राप्त की गई। प्राप्त राशि में से बड़ी बहन ने लगभग 10,000 पारुल को दिए, जिसकी जानकारी उसने किसी को नहीं दी। इसके अतिरिक्त, बड़ी बहन ने माता के बैंक खाते से भी बिना उनकी जानकारी एवं अनुमति के 60,000 से 80,000 तक की राशि निकाली। यह राशि फोन पे के माध्यम से निकाली गई, क्योंकि अस्पताल में इलाज के दौरान आवश्यकता पडऩे पर मां ने उन्हें भुगतान के लिए अपना पिन बताया था, जिसका बाद में दुरुपयोग किया गया।
