बनखेड़ी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर बनखेड़ी ब्लॉक की सहकारी समितियों के प्रबंधकों ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार अंजू लोधी को ज्ञापन सौंपा। प्रबंधकों ने खरीदी व्यवस्था की बदहाली पर चिंता जताते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि बनखेड़ी ब्रांच के सभी समर्थन मूल्य उपार्जन केंद्रों पर पहले ही दिन अत्यधिक संख्या में स्लॉट खुलने से बड़ी मात्रा में किसानों ने स्लॉट बुक कर लिए, जिसके चलते हर केंद्र पर किसानों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति यह है कि उपार्जन शुरू होने के आठ दिन बाद तक न तो भंडारण की समुचित व्यवस्था हो पाई और न ही परिवहन की, जिससे खरीदी परिसरों में तौली गई बोरियों के ढेर लग गए हैं।
अव्यवस्था के कारण किसानों के स्लॉट निरस्त होने की नौबत भी आ रही है, जिससे किसानों में असंतोष बढ़ रहा है। समिति प्रबंधकों ने प्रशासन से शीघ्र परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी उपार्जन केंद्रों पर बिना किसी दबाव के आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि धान खरीदी कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
इस दौरान समिति प्रबंधक जगदीश मिश्रा, सुरेश रघुवंशी, रामगोपाल चौकसे, सीताराम राय, बसंत यादव, सत्येंद्र शुक्ला, दिनेश पटेल, मयंक तोमर सहित अन्य प्रबंधक उपस्थित रहे।
