सतना : जिला चिकित्सालय की ओपीडी की पर्ची कटवाने के लिए लाइन में लगे एक व्यक्ति की जेब से मोबाइल चोरी हो गया. फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरु कर दी गई.ग्राम पोस्ट बिरसिंहपुर निवासी राजाबेटा पाण्डेय अपनी पत्नी के साथ अपने भतीजे को दिखाने के लिए शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचे थे. इसी कड़ी में वे ओपीडी की पर्ची कटवाने के लिए लाइन में लग गए.
इसी दौरान भीड़-भाड़ का फायदा उठाते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब में रखा मोबाइल चुरा लिया. पैंट की जेब में रखे मोबाइल के चोरी हो जाने का एहसास होते ही राजाबेटा सीधे अस्पताल परिसर में स्थित पुलिस चौकी में पहुंच गए.
इसी दौरान संदेह के आधार पर कुछ लोगों द्वारा एक महिला और एक पुरुष को पकड़ लिया गया. जिन्हें चौकी ले आया गया. चौकी में मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा पूछताछ करने के बाद फरियादी और संदेही दोनों को कोतवाली थाने भेज दिया गया. जहां पर पुलिस द्वारा फरियादी से शिकायती आवेदन लेने के बाद आगे की कार्रवाई शुरु कर दी.
