ब्यावरा:सोमवार देर रात जूना ब्यावरा स्थित एक युवती ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी.घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर ही मौजूद थे. युवती बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी.
काफी देर तक युवती अपने कमरे से बाहर नहीं आई. परिजनों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. जब वे कमरे में गए, तो युवती फंदे पर लटकी हुई थी. इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मृतका की पहचान जूना ब्यावरा निवासी ईशा वर्मा (19) पिता राजू वर्मा के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए ब्यावरा सिविल अस्पताल भेजा.
मंगलवार को सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला बताया है हालांकि, युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी साफ नहीं हो सका है.
पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले युवती की किसी से बातचीत या कोई विवाद तो नहीं हुआ था. मृतका के पिता राजू वर्मा राशन की दुकान पर सेल्समैन का काम करते हैं. युवती की मौत से परिवार में मातम है. पुलिस जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा
