नयी दिल्ली 18 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत यूक्रेन विवाद के शांतिपूर्ण समाधान का लगातार आह्वान करता रहा है और वह इस दिशा में किये जा रहे सभी प्रयासों का समर्थन करता है।
श्री मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत के बाद यह बात कही।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा , “ मेरे मित्र, राष्ट्रपति पुतिन को उनके फ़ोन कॉल और अलास्का में राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ उनकी हालिया मुलाक़ात के बारे में जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद। भारत ने यूक्रेन विवाद के शांतिपूर्ण समाधान का लगातार आह्वान किया है और इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है। मैं आने वाले दिनों में हमारे निरंतर आदान-प्रदान की आशा करता हूँ।”
प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी बताया कि राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ फोन पर बात की है और उन्हें अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी मुलाकात के बारे में जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के दृढ़ रुख को रेखांकित किया और इस संबंध में सभी प्रयासों के लिए भारत के समर्थन को दोहराया। दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दों पर भी चर्चा की।
दोनों नेताओं ने संपर्क में बने रहने पर सहमति भी व्यक्त की।

