
आठनेर। गुरुवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद आठनेर कस्बे में तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया है और पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार साप्ताहिक बाजार के दौरान कुछ लोगों के बीच दुकान का सामान हटाने को लेकर विवाद हो गया, जो बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गया। इस दौरान एक व्यक्ति को सिर में चोट आई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भैंसदेही एसडीओपी, बैतूल एडिशनल एसपी कमला जोशी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी जोशी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल सामान्य स्थिति बहाल होने तक तैनात रहेगा।
