इंदौर: नए साल की शुरुआत इंदौर की हवाई यातायात व्यवस्था के लिए राहत भरी रही. दिसंबर में आई गिरावट के बाद जनवरी में इंदौर एयरपोर्ट से उड़ानों और यात्रियों की संख्या में फिर तेजी लौटी है. बीते माह उड़ानों की संख्या में 233 की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं 28 हजार से ज्यादा अतिरिक्त यात्रियों ने इंदौर से हवाई सफर किया.एयरपोर्ट अथॉरिटी की रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी में इंदौर से कुल 2,882 उड़ानों का संचालन हुआ, जिनसे 3 लाख 97 हजार 98 यात्रियों ने सफर किया.
इसके मुकाबले दिसंबर में 2,649 उड़ानों से 3 लाख 68 हजार 460 यात्रियों ने यात्रा की थी. इस तरह एक महीने में ही यात्री और उड़ान दोनों आंकड़ों में उल्लेखनीय उछाल दर्ज हुआ. दिसंबर माह में इंडिगो एयरलाइंस द्वारा क्रू की कमी के चलते देशभर में सैकड़ों उड़ानें निरस्त की गई थीं. इसका सीधा असर इंदौर एयरपोर्ट पर भी पड़ा था. नवंबर में जहां इंदौर से 4.23 लाख यात्रियों ने सफर किया था और उड़ानों की संख्या 2,973 तक पहुंच गई थी, वहीं दिसंबर में 324 उड़ानें और 55 हजार से ज्यादा यात्री घट गए थे. जनवरी में इंडिगो की उड़ानों का निरस्तीकरण कम होने से स्थिति में सुधार आया और यात्री संख्या फिर बढ़ी.
मार्च-अप्रैल में बड़े उछाल के संकेत
यात्रा कारोबार से जुड़े संगठनों का मानना है कि आने वाले महीनों में हवाई यात्रियों की संख्या में और तेजी आएगी. हालांकि फरवरी और मार्च की शुरुआत में परीक्षाओं के चलते बड़ा उछाल संभव नहीं है, लेकिन मार्च के मध्य से अप्रैल तक छुट्टियों का सीजन शुरू होते ही यात्री संख्या में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. यात्रियों ने अभी से ही टूर बुकिंग शुरू कर दी है.
पिछले छह महीनों का हाल…
अगस्त में 2.53 लाख यात्री और 2,500 उड़ानें रहीं. सितंबर में 2.53 लाख से ज्यादा यात्रियों ने 2,393 उड़ानों से सफर किया. अक्टूबर में यात्री संख्या 2.53 लाख और उड़ानें 2,645 रहीं. नवंबर में 4.23 लाख यात्रियों के साथ 2,973 उड़ानों का संचालन हुआ. दिसंबर में यह आंकड़ा घटकर 3.68 लाख यात्री और 2,649 उड़ानें रह गया. जनवरी में फिर बढ़कर 3.97 लाख यात्री और 2,882 उड़ानें दर्ज की गईं.
अप्रैल से और बढ़ेंगी उड़ानें
एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक रनवे मरम्मत के चलते फिलहाल रात में आठ घंटे एयरपोर्ट बंद रखा जा रहा है, जिससे उड़ानों की संख्या पर असर पड़ रहा है. इंदौर एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने बताया कि मार्च के अंत तक मरम्मत कार्य पूरा करने का लक्ष्य है. अप्रैल से एयरपोर्ट को 24 घंटे संचालित किया जाएगा, जिससे नई उड़ानें मिलने और यात्रियों की संख्या में और बड़ा उछाल आने की उम्मीद है.
