
बेगमगंज।शासकीय सिविल अस्पताल में नवजात शिशुओं की सुरक्षा को बढ़ते खतरे से माताएं परेशान हैं. अस्पताल में आवारा कुत्ते मजे से घूमते रहते हैं और 24 घंटे वहीं आराम करते मिलते हैं. अस्पताल नवीन भवन में शिफ्ट हुए एक साल हो गया लेकिन व्यवस्था जस की तस है. जो कुते
पहले पुराने भवन में डेरा जमाए रहते थे वो आज नवीन भवन में शिफ्ट हो गए हैं और गलियारों सहित कुर्सियों पर डेरा डालकर सोते हुए, एवं वार्डों में भी घूमते मिल जाएंगे.
मरीजों के साथ नवजात शिशुओं के लिए खतरा बनकर मंडरा रहे कुत्तों को अस्पताल के चपरासी या चौकीदार भगाने में असमर्थता व्यक्त करते हुए एक-दूसरे पर उनको भगाने का कहकर टाल रहे हैं. इधर आशंकित माताएं अपने नवजात की सुरक्षा को लेकर इसलिए चिंतित हैं कि अन्य शहरों से आवारा कुत्तों के द्वारा बच्चों पर किए जा रहे हमलों की घटनाओं की खबरों ने उन्हें सचेत किया है.
इधर अस्पताल प्रबंधन ने आउटसोर्सिंग से सफाईकर्मी चपरासी एवं चौकीदार रखें है लेकिन गंदगी और अव्यवस्था सभी तरफ देखने को मिल जाएगी. सफाई और सुविधा की औपचारिकता चल रही है. मरीजों को राहत की जगह समस्या मिलने से वो बहुत ज्यादा परेशान है. भगवान भरोसे चलने वाली व्यवस्था से आमजन परेशान है.
