पूर्वी दिल्ली पुलिस का अपराधों के खिलाफ ‘घेराबंदी और तलाशी’ अभियान, 13 अपराधी दबोचे गए

नई दिल्ली, 21 सितंबर (वार्ता) पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए चलाए गए विशेष ‘घेराबंदी और तलाशी अभियान’ में बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान पुलिस ने कुल 13 अपराधियों को गिरफ्तार किया जिनमें एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े दो आरोपी, दो लुटेरे तथा नौ तड़ीपार अपराधी हैं। पुलिस कार्रवाई में 145.86 ग्राम स्मैक और 3,000 रुपये लूटी गई नकदी भी बरामद की गई।

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धनिया ने आज कहा कि पूर्वी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने 15 सितंबर को मंडावली क्षेत्र से घोषित अपराधी मोहम्मद रफीक उर्फ सोनू को दबोच लिया। उसकी तलाशी में 44.75 ग्राम स्मैक मिली। पूछताछ में पता चला कि उसका सप्लायर बरेली (उत्तर प्रदेश) का राशिद उर्फ खान है। टीम ने लगातार प्रयास कर 20 सितंबर को बरेली से राशिद को भी गिरफ्तार किया और उसके पास से 101.11 ग्राम स्मैक बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।

शकरपुर थाना क्षेत्र में 18 सितंबर को दो बदमाशों ने एक व्यक्ति से 5,000 रुपये लूट लिए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस ने तुरंत टीम गठित की और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से आरोपियों गुलफाम उर्फ हिरु (24) और गुलशन कुमार उर्फ काना (22) को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 3,000 रुपये लूटी गई नकदी बरामद हुई।

अभियान के दौरान पूर्वी जिले की पुलिस ने कुल 9 तड़ीपार किए गए अपराधियों को पकड़ा है। जिसमें मयूर विहार में गश्ती टीम ने 50 मीटर पीछा कर रविंदर उर्फ राजू उर्फ डिंपल को दबोचा। पांडव नगर थाना पुलिस ने एक ही अभियान में सलमान उर्फ खपची, सारिक उर्फ आफताब, निखिल गुप्ता उर्फ अनमोल, अर्शद उर्फ समीर और सूरज सहित पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया। स्पेशल स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना पर छापा मारकर मोहम्मद रफीक उर्फ टमाटर और मोहम्मद यासीन उर्फ सलमान को शशि गार्डन क्षेत्र से पकड़ा। मधु विहार पुलिस ने एक महिला अपराधी अंजलि सिंह को पकड़ा, जो अदालत द्वारा जारी तड़ीपार आदेश का उल्लंघन कर मंडावली में रह रही थी।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का मकसद स्पष्ट संदेश देना है कि अपराधियों और बदमाशों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह नशे का सौदागर हो, लुटेरा हो या फिर अदालत के आदेशों की अवहेलना करने वाला बहिष्कृत अपराधी, सभी के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कुल मिलाकर पुलिस ने इस अभियान में 13 अपराधियों को गिरफ्तार किया और नशे के जाल से लेकर लूटपाट व बहिष्कृत अपराधियों तक पर जोरदार कार्रवाई कर पूर्वी दिल्ली को और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

 

 

Next Post

उधार के पैसे मांगने पर महिला से मारपीट कर दि जान से मारने की धमकी

Sun Sep 21 , 2025
इंदौर: जवाहर टेकरी इलाके में उधार के पैसे मांगने को लेकर हुई बहस हिंसक कर दी गई महिला को थप्पड़ मारा गया, गिरा कर घायल किया और आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी. चंदननगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना चंदननगर में दर्ज एफआईआर […]

You May Like