
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक को मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय समानता, न्याय और सशक्त समाज की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और समान अवसर उपलब्ध कराने की परिकल्पना साकार होगी।
खंडेलवाल ने कहा कि यूसीसी महिलाओं को अधिक अधिकार-संपन्न बनाने और उनके हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने जनजातीय समाज की परंपराओं के संरक्षण के लिए उन्हें यूसीसी के दायरे से बाहर रखने के निर्णय को भी सराहनीय बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करना संविधान निर्माताओं की उस भावना को साकार करने का प्रयास है, जिसमें सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार, समान अवसर और समान न्याय की कल्पना की गई थी। उनके अनुसार, यह व्यवस्था सामाजिक समरसता, न्यायिक समानता और महिला सशक्तिकरण को मजबूती देगी।
उन्होंने कहा कि सभी विवाहों का पंजीयन अनिवार्य करने तथा महिलाओं को संपत्ति में पुरुषों के समान अधिकार देने जैसे प्रावधान नारी सम्मान और सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। खंडेलवाल ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प तथा विकास भी, विरासत भी की सोच को आगे बढ़ाने वाला निर्णय बताया।