सतना : जिले के सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसिंहपुर के बधानटोला में शनिवार को एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिहाज से पुलिस, सुपर 30 और क्यूआरएफ की टीम द्वारा इलाके में फ्लैग मार्च किया गया.सभापुर थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को युवक शिवांक तिवारी पर जानलेवा हमला करने की घटना सामने आई थी.
इस मामले ममें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सलाम खान, अमन खान, बिट्टू खान, फरीद खान, रेहान खान और अरमान खान को गिरफ्तार कर लिया. जबकि इस मामले में शामिल रहे अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. गौरतलब है कि शनिवार को घटना की जानकारी सामने आने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकक्रम सिंह, एसडीओपी चित्रकूट रोहित राठौर मौके पर पहुंच गए थे.
इतना ही नहीं बल्कि सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी के साथ-साथ मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे, कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा, जैतवारा थाना प्रभारी अभिषेक पाण्डेय और उप निरीक्षक अशोक गर्ग सहित भारी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया था. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की 5 टीमों द्वारा रात भर ताबड़तोड़ दबिश दी जाती रही. जिसके चलते पुलिस द्वारा घटना में शामिल आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में शामिल अन्य आारोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. इसी कड़ी में बिरसिंहपुर कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सभापुर और जैतवारा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च किया गया. जिसमें सपर 30 और क्यूआरएफ की टीम भी शामिल रही.
