मुरैना: सिविल लाइन पुलिस ने दरमियानी रात को एक बड़ी कार्रवाई में कोल्ड ड्रिंक की आड़ में की जा रही अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने एक मैक्स वाहन से 40 पेटी अवैध शराब बरामद की, जिसे माजा कोल्ड ड्रिंक की बोतलों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे क्रमांक 44 पर सैयद नहर के पास रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मैक्स वाहन को रोका।
प्रथम दृष्टया वाहन में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें दिखाई दीं, लेकिन संदेह होने पर जब पुलिस ने गहराई से तलाशी ली, तो 20 पेटी कोल्ड ड्रिंक के नीचे 35 पेटी सफेद देसी शराब और 5 पेटी लाल देसी शराब छिपी मिली।सिविल लाइन थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला ने बताया कि वाहन चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जब्त की गई शराब और वाहन की कीमत लगभग 7.27 लाख रुपए आंकी गई है।
