सीमा पार से हुई गोलाबारी में अधिकतम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश: उमर अब्दुल्ला

श्रीनगर 14 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि हाल ही में सीमा पार से की गई गोलाबारी में अधिकतम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के लिए नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से जानबूझकर प्रयास किया गया।

सीमा पार से गत सात मई से गोलीबारी शुरू हुई। गोलाबारी के चार दिनों में जम्मू-कश्मीर में पांच बच्चों सहित 21 नागरिकों की जान चली गई। पुंछ जिले में 15 लोग मारे गए, जहां पाकिस्तानी सेना की ओर से भारी गोलाबारी की गई थी।

बुधवार को बारामूला जिले के उरी में गोलाबारी प्रभावित इलाकों का दौरा करने पर श्री अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान ने नागरिक इलाकों में अंधाधुंध गोलीबारी की थी।

श्री अब्दुल्ला ने उरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “दो से तीन दिनों के दौरान, उन्होंने (पाकिस्तान ने) नागरिक इलाकों में अंधाधुंध गोलीबारी की और ऐसा लगा कि वे जानबूझकर अधिकतम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे।”

उन्होंने संघर्ष विराम पर राहत व्यक्त करते हुए कहा, “शुक्र है कि दूसरी तरफ से डीजीएमओ ने फोन उठाया और बात की, जिसके परिणामस्वरूप संघर्ष विराम हो सका। अभी तक सीमा और नियंत्रण रेखा पर शांति बनी हुई है।”

श्री अब्दुल्ला ने संकट के प्रति प्रशासन की प्रतिक्रिया पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि क्षति का आकलन और राहत कार्य पहले ही शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा] “इसमें समय लगेगा, लेकिन हम सुनिश्चित करेंगे कि प्रभावित लोगों का पुनर्वास हो।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवासियों के बीच बढ़ते डर के देखते हुए व्यक्तिगत तौर पर बंकरों की फिर से उठी मांग उठी है। उन्होंने कहा, “लोगों ने हाल के वर्षों में बंकरों के बारे में सोचना बंद कर दिया था, लेकिन पिछले कुछ दिनों ने सभी को याद दिलाया है कि सीमा पर स्थिति कितनी खराब हो सकती है। चाहे वह जम्मू हो या कश्मीर की तरफ, मैं जहां भी गया, लोगों ने सामुदायिक बंकरों की बजाय व्यक्तिगत बंकरों की मांग की। सबसे पहले हम तुरंत राहत प्रदान करेंगे। फिर हम केंद्र सरकार से बात करेंगे और गोलाबारी से प्रभावित सभी क्षेत्रों के लिए बंकरों की व्यवस्था करेंगे।”

श्री अब्दुल्ला ने कहा, “भारत ने इस लड़ाई की शुरुआत नहीं की। पहलगाम में हमारे निर्दोष लोगों पर हमला किया गया। हमले में 26 लोगों की जान चली गई। मैंने पहले दिन से ही यह कहा है। अगर वहां से बंदूकों की आवाज शांत हो जाती हैं, तो यहां से भी गोलियों की आवाज अपने आप शांत हो जाएंगी।”

मुख्यमंत्री ने गोलीबारी में जान गंवाने वाली नरगिस बेगम के परिवार के प्रति भी संवेदना व्यक्त की और कहा कि कोई भी शब्द उनके दुख या फिर इस त्रासदी की भयावहता को व्यक्त नहीं कर सकता।

Next Post

छत्तीसगढ़ में 31 खूंखार नक्सलियों का सफाया : शाह

Wed May 14 , 2025
नयी दिल्ली 14 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ में दक्षिणी बस्तर अंचल में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में बीते 21 दिनों तक चले नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों द्वारा 31 कुख्यात नक्सली मारे गये हैं। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज यहां एक्स पर अपनी एक पोस्ट में कहा, “नक्सल मुक्त […]

You May Like