गेंहू की फसल में डालने के लिये किसानो को नही मिल रही यूरिया खाद

रीवा: खरीफ की फसल के लिये जिस तरह से यूरिया खाद नही मिल रही थी उसी तरह गेंहू की फसल में छिडक़ाव के लिये यूरिया खाद किसानो को नही मिल रही है. वितरण केन्द्रो के बाहर किसानो की लम्बी कतार है. मांग के अनुरूप आपूर्ति न होने के कारण यूरिया खाद का संकट गहराया है.भले ही प्रशासन पर्याप्त खाद का दावा कर रहा है पर जमीनी हकीकत कुछ और है. खाद की रैक आने के बाद ही राहत की उम्मीद है. फिलहाल किसान खाद के लिये परेशान है और निजी विक्रेता मनमानी मंहगे दाम पर खाद दे रहे है.

प्रशासन का दावा है कि जिले में 1819 टन यूरिया खाद उपलब्ध है. अब सवाल यह है कि जब इतनी खाद उपलब्ध है तो खाद के लिये मारामारी क्यो है. जिले में 7 डबल लाक केन्द्र बनाये गये है जहा से खाद का वितरण हो रहा है. इसके अलावा निजी विक्रेता और सिंगल एवं डबल लाक से खाद दी जा रही है जहा किसानो की भीड़ रहती है. यूरिया खाद पर्याप्त न होने के कारण किसानो को परेशानी उठानी पड़ रही है. अगर अभी जिले में झमाझम बारिश हो जाएगी तो खाद की मारामारी और बढ़ जाएगी.

पहले से प्रशासन ने यूरिया खाद को लेकर तैयारी नही की जिसके कारण मांग बढऩे पर आपूर्ति व्यवस्था नही हो पा रही है. खाद की रैक आने के बाद ही राहत मिल पाएगी. सहकारी समितियों में खाद होने की बात कही जा रही है लेकिन सहकारी समितियों में भी खाद कम मात्रा में है. कई समितियां ऐसी है जहा खाद नही है. सबसे बड़ी समस्या यह है कि जिस किसान को 10 बोरी खाद की आवश्यकता है दिन भर कतार में लगे रहने के बाद तीन बोरी खाद मिलती है. ई-टोकन की व्यवस्था शुरू किये जाने से किसानो की समस्या और बढ़ेगी.
जिले में 1819 टन यूरिया तथा 4174 टन डीएपी है उपलब्ध
रीवा जिले में सहकारी समिति विपणन संघ तथा निजी विक्रेताओं के पास 2 फरवरी की स्थिति में 1819.57 टन यूरिया तथा 4174.20 टन डीएपी खाद उपलब्ध है. इसके साथ-साथ जिले में 3947.93 टन एनपीके, 31.95 टन एमओपी तथा 3804.90 टन सिंगल सुपर फास्फेट भी उपलब्ध है. इस संबंध में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि खाद की रैक नियमित अंतराल से प्राप्त हो रही हैं. उप संचालक ने बताया कि अब तक किसानों को 24887.58 टन यूरिया तथा 7830.27 टन डीएपी का वितरण किया जा चुका है. जिले में 7 डबल लाक केन्द्रों में 15 पीओएस मशीन से खाद का वितरण किया जा रहा है. इसी तरह 148 सहकारी समितियों तथा निजी विक्रेताओं के माध्यम से भी खाद वितरित की जा रही है.
मऊगंज में 677 टन यूरिया तथा 1366 टन डीएपी उपलब्ध
किसानों के लिए खाद की समुचित व्यवस्था की गयी है. मऊगंज जिले में सहकारी समिति विपणन संघ तथा निजी विक्रेताओं के पास 2 फरवरी की स्थिति में 677.71 टन यूरिया तथा 1366.45 टन डीएपी खाद उपलब्ध है. अब तक किसानों को 12443.79 टन यूरिया तथा 3915.13 टन डीएपी का वितरण किया जा चुका है. इसी तरह किसानों को 3490.12 टन एनपीके, 14.77 टन पोटाश खाद तथा 1699.93 टन सिंगल सुपर फास्फेट खाद का वितरण किया जा चुका है. सिंगल तथा डबल लाक से प्रतिदिन खाद वितरित की जा रही है.

Next Post

संकल्प से समाधान अभियान के आवेदन पत्रों का निराकरण करें: कलेक्टर

Tue Feb 3 , 2026
रीवा: कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान में लगातार शिविरों का आयोजन हो रहा है. शिविरों में आमजनता से प्राप्त आवेदन पत्रों को प्रतिदिन ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराएं. सभी अधिकारी आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण […]

You May Like