परिषद में हंगामा, भाजपा पार्षद धरने पर बैठे, दो जोनल अफसरों का वेतन रोका

ग्वालियर। ग्वालियर निगम परिषद की बैठक में प्रतिनियुक्ति पर आए अधिकारियों और कर्मचारियों के मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ। एक जोनल ऑफिसर की नियुक्ति को लेकर भाजपा पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे के चलते परिषद की बैठक स्थगित कर दी गई।

भाजपा पार्षदों का कहना था कि निगम में बीते तीन सालों से प्रतिनियुक्ति पर आए अधिकारी और कर्मचारी मलाईदार पदों पर जमे हुए हैं। इन्हें मूल विभाग और पद पर वापस भेजने के आदेश पहले भी हो चुके हैं, लेकिन वे यहीं बने हुए हैं।बैठक के दौरान भाजपा पार्षदों ने सभापति से इन कर्मचारियों को उनके मूल विभाग में भेजने की मांग की। असंतुष्ट होकर पार्षद बृजेश श्रीवास, देवी सिंह राठौर और मनोज यादव सभापति की कुर्सी के सामने धरने पर बैठ गए।

प्रतिपक्ष के पार्षदों का कहना था कि ग्वालियर नगर निगम में बड़ी संख्या में ऐसे अधिकारी और कर्मचारी हैं, जो अन्य विभागों से प्रतिनियुक्ति पर आकर सुविधाजनक पदों पर तैनात हैं। नगरीय प्रशासन विभाग ने 2015 में सभी नगर निगमों के लिए पदों का स्पष्ट सेटअप निर्धारित किया था। तत्कालीन आयुक्त ने 2016 में इसका कड़ाई से पालन कराया था, लेकिन निगम फिर पुरानी व्यवस्था पर लौट आया।

सभापति और निगम आयुक्त ने जल्द ही व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। इस दौरान दो जोनल अधिकारी प्रगति गोस्वामी और तनुजा वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की गई। परिषद की बैठक में आदेश दिए गए कि इन दोनों अधिकारियों ने जहां-जहां पदस्थ रहते हुए कितने बिल बनाए हैं, उनकी पुस्तिका की जांच निगमायुक्त स्वयं या संबंधित अधिकारी से कराएं। जांच पूरी होने तक दोनों का वेतन रोकने के भी आदेश दिए गए हैं।

आज सोमवार की बैठक हंगामे के चलते पांच बिंदुओं पर सिमट कर रह गयी। शाम लगभग 6 बजे तक चली इस बैठक में स्थगित होने के बाद भी हंगामा जारी रहा। धरने पर बैठे पार्षद बृजेश श्रीवास को उठाने के लिए उनके दल के कई पार्षद गण आए, सभापति मनोज तोमर द्वारा भी उन्हें उठाने का पूरा प्रयास किया गया लेकिन वे अपने बात पर अड़े रहे जिसके चलते सदन में विचित्र स्थिति बन गई।

*बैठक में लिए कई निर्णय, 20 फरवरी तक स्थगित*

इससे पूर्व निगम परिषद के विशेष अभियाचित सम्मेलन का आयोजन सभापति मनोज तोमर की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में पदेन व्यवस्था के संबंध में पारित ठहराव पर चर्चा उपरांत सभापति मनोज तोमर ने निगमायुक्त को निर्देशित किया कि पूर्व में जो ठहराव हुए हैं उनका निगमायुक्त अक्षरशः पालन करें। साथ में कोई पद खाली है तो वहां व्यवस्था करें एवं नेता प्रतिपक्ष हरिपाल एवं विधायक प्रतिनिधि कृष्ण राव दीक्षित के सुझावों को शामिल करते हुए निगमायुक्त कार्यवाही करें।

पानी एवं सीवर पर परिषद द्वारा पूर्व में किए गए ठहरावों के क्रियान्वयन पर चर्चा उपरांत सभापति तोमर ने निगमायुक्त को निर्देशित किया कि पानी और सीवर के संबंध में ठेका प्रथा से कार्य कराना चाहते हैं या विभागीय कराना चाहते हैं, स्पष्ट मत के साथ विस्तृत रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें जिससे आम नागरिकों को गंदे पानी एवं सीवर की समस्या से राहत मिले।

निगम सीमांतर्गत स्ट्रीट लाइट के संबंध में परिषद द्वारा पारित ठहरावों के क्रियान्वयन पर चर्चा उपरांत सभापति तोमर ने कहा कि पूर्व मे किए गए ठहरावों के कारण विद्युत व्यवस्था में सुधार आया है। उन्होंने निगमायुक्त को निर्देशित किया कि नेता प्रतिपक्ष, विद्युत प्रभारी एवं सदन के सदस्यों ने जो समस्यायें बताई है, उन पर कार्यवाही करें और यह व्यवस्था और अच्छी निरंतर जारी रहे।

*विनियमित कर्मचारी की मृत्यु होने पर वारिसान को आउटसोर्स के माध्यम से रखें*

निगम एवं पीएचई, जल प्रदाय विभाग से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को पुनः निगम में संविदा पर रखे जाने पर चर्चा उपरांत सभापति तोमर ने निगमायुक्त को निर्देशित किया कि निगम हित को ध्यान में रखते हुए शासन के आदेश का पालन करें। निगम में कार्यरत विनियमित कर्मचारी की मृत्यु होने पर उनके उत्तराधिकारी को निगम सेवा में रखे जाने पर चर्चा उपरांत सभापति तोमर ने सभी सदस्यों की एक राय से सहमत होकर निर्देशित किया कि अगर किसी विनियमित कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है तो उसके परिवार के वारिसान को आउटसोर्स के माध्यम से रखा जाऐ तथा पूर्व में भी अगर किसी विनियमित कर्मचारी की मृत्यु हो चुकी है तो उनको भी इसमें शामिल किया जाए।

Next Post

शासकीय कार्य में बाधा डालने के अपराध में पत्रकार को मिली अग्रिम जमानत

Mon Feb 2 , 2026
जबलपुर। शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में पत्रकार को हाईकोर्ट से आंशिक राहत मिली है। हाईकोर्ट जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल ने याचिकाकर्ता पत्रकार को अग्रिम जमानत का लाभ प्रदान किया है। बैतूल निवासी पत्रकार आशीष वर्मा की तरफ से दायर किये गये अग्रिम जमानत आवेदन में कहा गया […]

You May Like