
खंडवा । शहर की सम्यक गोल्ड कॉलोनी में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री मामले में मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता इमरान परियानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से वह पांच दिनों से फरार था। जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस ने उसे मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित डेढ़तलाई इलाके से तब दबोचा, जब वह सीमा पार कर महाराष्ट्र भागने की फिराक में था।
मामले का खुलासा 26 जनवरी की रात हुआ था, जब पुलिस ने सम्यक गोल्ड कॉलोनी के वीरान क्लब हाउस में छापा मारा। वहां अवैध रूप से सुतली बम बनाए जा रहे थे। मौके से पिकअप चालक अरबाज खान की गिरफ्तारी हुई, जिसने पूछताछ में फैक्ट्री के असली मालिकों—इमरान परियानी और उसके पार्टनर जितेंद्र उर्फ जीतू भाटी निवासी इंदौर—का नाम उगला। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री का सुपरविजन बैतूल निवासी नवीन यादव करता था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर 4 फरवरी तक रिमांड पर ले चुकी है। नवीन ने बताया कि बारूद को कॉलोनी के ही एक रिहायशी मकान में छिपाकर रखा जाता था। पुलिस अब इस मामले के फरार आरोपी और परियानी के पार्टनर जितेंद्र भाटी की तलाश कर रही है।
