
छिंदवाड़ा। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई कर सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र यदुवंशी को 50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ एक नर्सिंग स्टाफ ने लोकायुक्त से शिकायत की थी। विभाग में आवेदिका ने रोहना कला से छिंदवाड़ा स्थानांतरण के लिए आवेदन दिया था और कलेक्टर की जनसुनवाई में भी गुहार लगाई थी। आरोप है कि ट्रांसफर कराने के एवज में कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र द्वारा 50 हजार की मांग की जा रही थी। जिसको लेकर पीड़िता ने शिकायत की और शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सोमवार की दोपहर में जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी जितेंद्र ने रिश्वत की रकम ली, उसे मौके पर ही तत्काल दबोच लिया। कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
