कांग्रेस और इंडिया गठबंधन अपना रहे हैं भ्रम और अराजकता फैलाने के लिए नये-नये हथकंडे: नड्डा

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि भारत की प्रगति को देखकर कांग्रेस एवं ‘इंडिया गठबंधन’ हताश हैं और वे देश में अराजकता फैलाने के लिए नये-नये हथकंडे अपनाते हैं।
श्री नड्डा ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में मतदान सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर चुनाव आयोग पर लगाये गये आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें (श्री गांधी) को समझना चाहिए कि किसी झूठ को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं बन जाता। सत्य को हराया नहीं जा सकता है।
उन्होंने कहा, “आज जब देश 140 करोड़ नागरिकों की कड़ी मेहनत से ‘विकसित भारत’ का संकल्प पूरा कर रहा है। दुनिया भर में भारत का प्रभाव बढ़ रहा है, तो दुर्भाग्य से कांग्रेस और पूरा ‘इंडिया गठबंधन’ इस तरक्की से निराश और हताश हैं। बिना किसी नीति या दृष्टिकोण के वे अब देश में भ्रम और अराजकता फैलाने के लिए नयी-नयी चालें चल रहे हैं।”
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा, “कुछ दिन पहले ही हमने एक मनगढ़ंत कहानी को लेकर पूरे देश में विपक्षी दलों को हंगामा मचाते को देखा था। अब, जब चुनाव आयोग ने उनके फैलाए हर झूठ का पर्दाफाश कर दिया है, तब भी वे माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि श्री गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए एकमात्र एजेंडा देश की स्वतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना और कमजोर करना बन गया है। यह वही ‘टूलकिट मानसिकता’ है जो देश के विकास को रोकने के लिए हर सुबह एक नयी साजिश रचती है। आरोप लगाना, देश का माहौल खराब करना और भाग जाना। यही विपक्ष का काम करने का तरीका बन गया है।
उन्होंने कहा कि देश की जागरूक जनता विपक्ष के दोहरे चरित्र और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। देश में अस्थिरता पैदा करने वाली ताकतों को जनता पहले भी कड़ा सबक सिखा चुकी है और भविष्य में भी उनके हर भ्रम और साजिश को जनता की अदालत में धूल में मिला दिया जाएगा।

.....

Next Post

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर युवा कांग्रेस का चुनाव आयोग की ओर मार्च

Mon Sep 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) भारतीय युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रायसीना रोड कार्यालय से चुनाव आयोग की ओर मार्च किया लेकिन दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाकर […]

You May Like