
गुना। मधुसूदनगढ़ नगर परिषद में अध्यक्ष श्यामलाल (श्यामा) अहिरवार और पार्षदों के बीच जारी खींचतान अब चरम पर पहुंच गई है। मंगलवार को 8 पार्षद, जिनमें उपाध्यक्ष कौशलेन्द्र अग्रवाल भी शामिल हैं, एकजुट होकर कलेक्टर के पास पहुंचे और अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सूचना देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पार्षदों का आरोप है कि परिषद गठन के बाद से वार्डों में सड़कों, नालियों और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य नहीं हुए, बैठकें समय पर नहीं बुलाई गईं और नागरिक मूलभूत सेवाओं से वंचित हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि अध्यक्ष निर्वाचित प्रतिनिधियों और कर्मचारियों के खिलाफ झूठी एससी-एसटी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, जिससे भय का माहौल है।
साथ ही, शासन से मिली अनुदान राशि के दुरुपयोग और बिना कार्य किए भुगतान करने के आरोप भी लगाए गए हैं। कलेक्टर ने आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार प्रक्रिया अपनाने का आश्वासन दिया है। अब सभी की निगाहें आगामी विशेष बैठक और मतदान पर टिकी हैं, जो मधुसूदनगढ़ की राजनीति का रुख बदल सकता है।
