
छिंदवाड़ा। शहर और सीमावर्ती क्षेत्रों में बिना वैधानिक अनुमति के काटी जा रही अवैध कॉलोनियों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार को क्षेत्र भ्रमण पर निकले निगमायुक्त सी.पी. राय ने कुसमैली स्थित पंचायत भवन के पीछे रातोंरात अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी पकड़ी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल मौके पर ही मिट्टी की सड़क तोडऩे, पंचनामा बनाने और कॉलोनाइजर व भूमि स्वामी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान निगमायुक्त सी.पी. राय, कार्यपालन यंत्री हिमांशु अतुलकर और उपयंत्री भानु सूर्यवंशी के साथ कुसमैली पंचायत भवन पहुंचे। भवन के ठीक पीछे जमीन को समतल कर मिट्टी की सड़क बनाकर कॉलोनी का स्वरूप दिया जा रहा था। आयुक्त के निर्देश पर जब अधिकारियों ने राजस्व और तकनीकी दस्तावेजों की जांच की, तो सामने आया कि भूमि स्वामी और कॉलोनाइजर ने निगम से कोई अनुमति नहीं ली है। इतना ही नहीं, इस अवैध कॉलोनी के निर्माण में शासकीय भूमि पर भी अतिक्रमण किया गया था।
अवैध घोषित करने की प्रक्रिया शुरू ०००००
निगमायुक्त ने उपयंत्री को तत्काल पंचनामा प्रतिवेदन तैयार कर मिट्टी की सड़क ध्वस्त करने के आदेश दिए। इसके साथ ही कॉलोनी विकास अधिनियम के तहत संबंधित भूमि स्वामी और कॉलोनाइजर को नोटिस जारी कर कॉलोनी को अवैध घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने और सख्त कार्रवाई के लिए एसडीएम को भी तत्काल पत्र भेजा गया है।
जवाब संतोषजनक न होने पर होगी दंडात्मक कार्रवाई ००००
निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधितों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो कॉलोनी विकास अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई और एफआईआर आदि की जाएगी।
दस्तावेज जांचे बिना न खरीदें प्लॉट
निगमायुक्त सी.पी. राय ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सस्ते प्लॉट या अवैध कॉलोनियों के प्रलोभन में न आएं। किसी भी भूखंड को खरीदने से पहले कॉलोनी की वैध विकास अनुमति, भूमि स्वामित्व और अन्य सरकारी दस्तावेजों की भलीभांति जांच कर लें, ताकि भविष्य में उन्हें किसी भी कानूनी या आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
