कन्हैया लोधी
भोपाल: भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में मध्यप्रदेश का कद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में प्रदेश के नेताओं को लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने के बाद बुधवार को प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्तियों में भी मप्र की मजबूत मौजूदगी रही.प्रदेश के चार नेताओं को अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं करीब एक माह पहले राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी बनाए गए आशीष उषा अग्रवाल का भी कद बढ़ाते हुए उन्हें राष्ट्रीय मीडिया विभाग का संयोजक बनाया गया है.
प्रदेश के पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को आंध्रप्रदेश का प्रभारी बनाया गया है. विधानसभा चुनाव में अटेर से हार के बाद भी संगठन में उनकी भूमिका और रणनीतिक कौशल को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है. आंध्रप्रदेश में भाजपा गठबंधन सरकार का हिस्सा है. खरगोन
सांसद गजेंद्र पटेल को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है. राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राजस्थान का सह प्रभारी बनाया गया है. नितिन नबीन की टीम में राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने के बाद उन्हें अब भाजपा शासित बड़े राज्य की जिम्मेदारी मिली है. वहीं प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है.
बृजगोपाल लोया भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी
लगभग एक माह के इंतजार के बाद आखिरकार प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी की नियुक्ति कर दी गई है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बृजगोपाल लोया को ये जिम्मेदारी दी है. लोया मूल रूप से रायसेन जिले के उदयपुरा के रहने वाले हैं. दतिया उपचुनाव के दौरान उन्होंने मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी भी संभाली थी. ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मीडिया प्रबंधन के साथ ही हाल ही में उज्जैन और इंदौर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे के समय भी राष्ट्रीय मीडिया के साथ समन्वय और मीडिया प्रबंधन का काम संभाल चुके हैं.
