इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक माह पहले शादी समारोह के दौरान हुए चाकू हमले के मामले ने अब हत्या का रूप ले लिया है. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान बीती रात मौत हो गई. मामले में पुलिस पहले से जेल में बंद आरोपी पर अब हत्या की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है.थाना प्रभारी आरडी कानवा ने बताय कि 4 जनवरी की रात शिवाजी नगर स्थित देवी अहिल्या परिसर, राम मंदिर के पास एक शादी समारोह चल रहा था.
इसी दौरान थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में रहने वाले 35 वर्षीय राहुल वर्मा समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. वहां पहले से मौजूद जय उर्फ मिंडी ने राहुल को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपी ने जेब से चाकू निकाला और राहुल की छाती व गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. अचानक हुए हमले से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. खून से लथपथ राहुल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी था.
हालांकि चोटें गहरी होने के कारण बीती रात उनकी मौत हो गई. वहीं मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी पारिवारिक रंजिश सामने आई है. मृतक राहुल ने वर्ष 2020 में आरोपी जय की मां से विवाह किया था. इस रिश्ते को जय स्वीकार नहीं कर पाया और वह अपने सौतेले पिता से लगातार रंजिश रखता था. इसी नफरत के चलते उसने मौका पाकर जानलेवा हमला किया. वहीं थाना प्रभारी आरडी कानवा का कहना है कि घटना के तुरंत बाद घेराबंदी कर आरोपी जय उर्फ मिंडी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब राहुल की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ा दी गई है. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले में आगे की जांच कर रही है.
