सीहोर। चैकिंग अभियान के दौरान एक स्कूली बस में दूल्हा व बाराती बैठे नजर आए. यातायात पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है.
गौरतलब है कि स्कूली एवं शिक्षण संस्थान बसों, लोक परिवहन के वाहनों के विरुद्ध जिला परिवहन अधिकारी के साथ संयुक्त रूप से 31 मई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है. शनिवार को यातायात प्रभारी सूबेदार ब्रजमोहन धाकड़ के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा वाहन चैंकिंग कर स्कूली बसों एवं लोक परिवहन के वाहनों को चेक किया गया. वाहन चेकिंग के दौरान एक स्कूली बस क्रमांक एमपी 42 जेडई-2360 बारातियों से भरी हुई पाई गई जिसका संचालन बारात को ले जाने हेतु किया जा रहा था. यातायात पुलिस द्वारा बस को जप्त कर थाना खड़ा किया गया. जिस पर विधिवत कार्यवाही की जाएगी. यातायात पुलिस द्वारा वाहन चैकिंग अभियान के तहत निरंतर जारी रहेगी. तीन दिन पूर्व भी यातायात पुलिस और जिला परिवहन विभाग द्वारा जारी चैकिंग के दौरान एक स्कूल बस पकड़ी गई थी.
