
भोपाल। कोलार इलाके में घरेलू हिंसा की शिकार हुई 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई. आरोपी पति जेल में है, अब पुलिस ने उस पर हत्या की धारा का भी केस दर्ज करेगी.
जानकारी के मुताबिक गेहूंखेड़ा निवासी जमुना बाई घरेलू हिंसा की शिकार थीं. घायल अवस्था में उनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. जमुना बाई को उनके पति भागीरथ प्रसाद ने शराब के नशे में बीते 9 दिसंबर को मारपीट करते हुए लहुलुहान कर दिया था. जमुना बाई के आरोपी पति पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया था.
आरोपी पति ने अपनी पत्नी के सिर और शरीर के अन्य अंगों पर घाव कर दिया था. आनन-फानन में जमुना बाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां एक महीने से अधिक समय तक उनका उपचार चला. शनिवार को जमुना बाई ने अस्पताल में अंतिम सांस ली. कोलार पुलिस ने मर्ग कर जांच शुरू कर दी है. अब पुलिस जमुना बाई के आरोपी पति भगीरथ प्रसाद के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की तैयारी चल रही है.
