
भोपाल। राजधानी के व्यापारियों की सबसे प्रतिष्ठित संस्था, चेंबर ऑफ कॉमर्स के नए नेतृत्व के लिए रविवार को मानस भवन में ऐतिहासिक उत्साह देखने को मिला। भीषण गर्मी और चुनावी सरगर्मी के बीच रिकॉर्ड 1917 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अब सबकी निगाहें सोमवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जहां तय होगा कि चेंबर की कमान गोयल या पाली में से किसके हाथ होगी।
मतदान की खास बातें:
कुल मतदाता: 2236
कुल मतदान: 1917 वोट (साथ ही 39 टेंडर वोट और 50 पोस्टल वोट)
व्यवस्था: सुगम मतदान के लिए 20 पोलिंग बूथ बनाए गए थे।
नवाचार: पहली बार मतपत्रों पर प्रत्याशियों के चित्र लगाए गए और टेंडर वोटिंग की सुविधा दी गई।
उत्साह और चुनावी रंग
सुबह से ही मानस भवन में व्यापारियों का जमावड़ा शुरू हो गया था। दोपहर की तपिश के बावजूद 2 बजे के बाद मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। परिसर में ‘उन्नति पैनल’ और ‘प्रगतिशील पैनल’ के समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
प्रशासनिक मुस्तैदी
मुख्य चुनाव अधिकारी पीसी कोठारी (एडवोकेट) ने बताया कि निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए 170 लोगों की टीम तैनात थी। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला प्रशासन और व्यापारी समुदाय का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक वैभव चौधरी (CA), निर्वाचन अधिकारी विनय तिवारी, सुधीर कासिब, नवीन शर्मा और पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। सोमवार को मतगणना के बाद नई कार्यकारिणी और अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
