
ग्वालियर। शहर जिला कांग्रेस विकलांग कल्याण प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं वरिष्ठ समाजसेवी अनूप जौहरी ने कहा कि केंद्रीय बजट में दिव्यांगजनों के लिए कुछ नया करने के बजाय पुरानी योजनाओं को ही दोहराया गया है। ऐसा प्रतीत होता हे कि केन्द्र सरकार के पास दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाने के लिए रोजी रोटी कपड़ा मकान, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के लिए कोई ठोस योजनाएं नहीं हैं। दिव्यांग, वृद्ध, विधवा एवं परित्यकता निराश्रितों को प्रति माह मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन तक में वृद्धि विगत पन्द्रह वर्षों से नहीं की गई है। मंहगाई के दौर में इन निराश्रितों को सरकार मात्र बीस रुपए रोज के हिसाब से छै सौ रुपए प्रति माह दे रही है, वह भी महीने के अंतिम सप्ताह में इन निराश्रितों के खातों में पंहुच रही है। उन्होंने कहा कि बजट ने दिव्यांगों को निराश किया है।
