
सौसर। मोहगांव जलाशय से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को सौसर तहसील कार्यालय में सांसद बंटी विवेक साहू ने विशेष बैठक आयोजित की। किसानों के छिंदवाड़ा रवाना होने से पहले ही सांसद ने उन्हें फोन कर सौसर बुलाया और उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक में 70 से 80 किसान मौजूद रहे, जिनमें 25 से 30 महिलाएं भी शामिल थीं।
किसानों की पीड़ा सुनकर सांसद ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट कहा कि सभी कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विभागीय ढिलाई से किसान लंबे समय से परेशान हो रहे हैं। मैं स्वयं भोपाल जाकर मंत्री से मुलाकात करूंगा और सुनिश्चित करूंगा कि रुके हुए काम जल्द पूरे हों।
सांसद बंटी साहू ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले सप्ताह विस्थापन स्थल पर पहुंचकर किसानों से सीधी बातचीत करेंगे और एक-एक कर सभी कार्य पूरे करवाएंगे।
बैठक में महिला किसान सुशीला मड़के ने कहा कि वर्षों से विस्थापन की समस्या झेलते आ रहे हैं, लेकिन अब सांसद के आश्वासन से नई उम्मीद जगी है। इसी तरह किसान सुदामा मानमोडे ने कहा कि यदि विभाग समय पर काम करता तो इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती, मगर अब सांसद की पहल से समाधान की राह खुलती दिख रही है।
इस बैठक में पूर्व राज्य मंत्री नाना भाऊ मोहड़, युवा नेता राहुल मोहड़ और सौसर मंडल अध्यक्ष दर्शन झाड़े भी मौजूद रहे। किसानों ने सांसद की सक्रियता पर संतोष जताते हुए आशा व्यक्त की कि अधूरे पड़े विस्थापन और पुनर्वास कार्य अब गति पकड़ेंगे।
