नयी दिल्ली, 29 दिसंबर (वार्ता) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण 130 उड़ानें रद्द रहीं और आठ उड़ानों को डायवर्ट किया गया।
एयरपोर्ट पर रविवार-सोमवार की रात दो बजे से ही दृश्यता एकदम कम हो गयी थी और उपकरण समर्थित लैंडिंग सुविधा के तहत परिचालन के लिए कैट-3 की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी। सुबह 10 बजे तक यही स्थिति रही। बाद में धीरे-धीरे कोहरा कम हुआ।
दिल्ली हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि आज दिल्ली से जाने वाली 65 और दिल्ली आने वाली इतनी ही उड़ानें रद्द रहीं। इसके अलावा, दिल्ली आने वाली आठ उड़ानों को दूसरे शहरों में डायवर्ट करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि कैट-3 की प्रक्रिया के दौरान सिर्फ कैट-3 से लैस विमान और इसके लिए प्रशिक्षित चालक दल के सदस्य ही लैंडिंग और टेकऑफ कर सकते हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार-मंगलवार की रात 12.30 बजे तक दृश्यता घटकर 300 मीटर रहने का अनुमान है जो तड़के 2.30 बजे तक घटकर 100 रह सकती है। इसके तड़के चार बजे तक 50 मीटर तक घट जाने की आशंका है। मंगलवार सुबह 8.30 बजे के बाद इसमें सुधार शुरू होने की उम्मीद है।
दिल्ली में घने कोहरे के कारण 130 उड़ानें रद्द, आठ डायवर्ट
