जबलपुर: कुंडम थाना अंतर्गत श्री गुरूनानक वेयरहाउस हंसापुर उपार्जन केन्द्र में काशी विश्वनाथ सकुल स्तरीय संगठन में वर्ष 2025-26 में खरीदी गई धान की फर्जी एंट्री के जरिए 2628.40 क्विटल धान की हेराफेरी करते हुए 62,00,359 रुपये का घोटाला किया गया। मामले मेें खरीदी केन्द्र प्रभारी, प्रबंधक, वेयर हाउस मालिक, सर्वेयर, कप्यूटर ऑपरेटर, सर्वेयर समेत सात आरोपियों खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक श्रीमती आभा शर्मा पति विवेक कुमार शर्मा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी कुण्डम (खाद्य विभाग कलेक्ट्रेट जबलपुर) ने थाने में जांच प्रतिवेदन देते हुए बताया कि कुण्डम के श्री गुरूनानक वेयरहाउस हंसापुर उपार्जन केन्द्र में काशी विश्वनाथ सकुल स्तरीय संगठन की प्रशासनिक टीम ने जांच की थी। इस दौरान भारी हेराफेरी के साथ अनियमित्ताएं सामने आई। उपार्जित धान के भौतिक सत्यापन में 1,640.80 क्विंटल धान जिसकी पोर्टल पर प्रविष्टि की गई, भौतिक रूप से उपार्जन केन्द्र पर होना नहीं पाया गया। इससे स्पष्ट होता हैं कि कृषकों की उपार्जन पोर्टल पर प्रविष्टि फर्जी तरीके से की गई।
1,616 बारदाने व 523 बोरी मिली अमानक धान
उपार्जन केन्द्र को मिले बारदानों का मिलान करने पर 1,616 बारदाने अतिरिक्त पाये गए। गोदाम परिसर में कुल 523 बोरी अमानक धान से भरी हुई पाई गई जिससे स्पष्ट हुआ कि उपार्जन केन्द्र द्वारा गुणवत्तापूर्ण धान का उपार्जन नहीं किया जा रहा था। टेग, किसान की जानकारी अंकित नहीं थी। ये धांधली सर्वेयर दीपक कुर्मी पिता राजकिशोर कुर्मी निवासी गढ़ा कोटा के द्वारा की गई।
21 किसानों की एन्ट्री डिलीट
जांच में पाया गया कि उपार्जन केन्द्र पर शेष धान की मात्रा 2440.40 क्विंटल में से 2358.00 क्विंटल धान खरीदी की एन्ट्री को डिलीट कराने की हस्ताक्षरित सूची काशी विश्वनाथ संकुल स्तरीय संगठन, कुण्डम के प्रबंधक, खरीदी केन्द्र प्रभारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा 20 जनवरी को प्रस्तुत की गई है। जिसके कुल धान 2358.00 क्विंटल 19 किसानों की है। पुन: 29 जनवरी को 2 किसानों की 270.40 क्विंटल धान खरीदी की एन्ट्री को डिलीट कराने की हस्ताक्षरित सूची प्रस्तुत की गई। इस प्रकार कुल 21 किसानों की 2628.40 क्विंटल धान खरीदी की एन्ट्री को डिलीट कराने की हस्ताक्षरित सूची प्रस्तुत की गई।
उपार्जन प्रभारी पर कार्यवाही नहीं, अन्य पर प्रकरण
सेवा सहकारी समिति मर्यादित पड़वार द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान परतला के विक्रेता मनोज कुमार पटेल ने उपार्जन केंद्र पर पल्लेदारों के मुखिया के रूप में कार्य किया। भराई, तुलाई, सिलाई, भण्डारण तथा किसानों को तौल पर्ची जारी करने का कार्य उन्हीं के पर्यवेक्षण में हुआ। विगत वर्ष धान उपार्जन प्रभारी रहे मनोज कुमार पटेल के विरुद्ध अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि संस्था के प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ अंतर जिला मिलिंग प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज है।
किसानों के सामने वजन का उल्लेख नहीं
वहीं गुरूनानक वेयरहाउस, हंसापुर (तहसील कुण्डम) के प्रबंधन में भी भारी लापरवाही पाई गई। वेयरहाउस का संचालन दमनीत सिंह भसीन द्वारा किया गया, जो वेयरहाउस मालकिन टीना भसीन के पति हैं। शासन निर्देशों के अनुसार धान भण्डारण से पूर्व 10 प्रतिशत बोरियों की तौल नहीं की गई और संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। रजिस्टर जांच में अधिकांश किसानों के सामने वजन का उल्लेख नहीं मिला, जबकि परिसर में धर्मकांटा मौजूद होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किया गया।
अधिक धान को बताया सिलाई में कमी
उपार्जन केन्द्र में पल्लेदारों के मुखिया मनोज कुमार पटेल की निगरानी में भराई, तुलाई और भण्डारण का कार्य हुआ। वहीं कर्मचारी मनजीत यादव की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। गोदाम में 3938 अतिरिक्त बोरी धान भण्डारित मिली, जिसे सिलाई में कमी का कारण बताया गया। जांच में निष्कर्ष निकला कि अनैतिक रूप से बोरियों का वजन कम दर्शाकर अधिक संख्या में धान का भण्डारण कराया गया, जिससे तौल को लेकर अनावश्यक विवाद की स्थिति बनी।
ये बने आरोपी
पुलिस ने प्रियंका दुबे पति दिनेश दुबे खरीदी केन्द्र प्रभारी काशी विश्वनाथ संकुल स्तरीय संगठन कुण्डम निवासी ग्राम पडरिया कुण्डम, ऊषा सिंह पति आनंद कुमार प्रबंधक काशी विश्वनाथ संकुल स्तरीय संगठन कुण्डम निवासी ग्राम खिन्हा, करिश्मा ठाकुर पिता प्रेम सिंह ठाकुर कम्प्यूटर ऑपरेटर काशी विश्वनाथ संकुल स्तरीय संगठन कुण्डम निवासी निवासी ग्राम हिनौता, मनोज कुमार पटेल पिता रूम लाल पटेल निवासी परतला पो. पडवार थाना बरेला, दमनीत सिंह भसीन पिता सरदार कुलवीर सिंह भसीन निवासी राधाकृष्ण मंदिर रोड रांझी, मंजीत यादव गोदाम कर्मचारी शाखा तिलसानी, दीपक कुर्मी सर्वेयर काशी विश्वनाथ संकुल स्तरीय संगठन कुण्डम को आरोपी बनाया गया है।
