
इंदौर। शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसमें 13 साल के एक बच्चे आतिफ अली की बेरहमी से छत पर हत्या कर फ्लैट के एक कमरे में छिपा दिया. फ्लैट में रखी एक पलंग पेटी को आरोपी रेहान ने शव को रख कर उसे कब्र की तरह ढ़ांक दिया. फिर उस पर अपनी बीमार दादी को सुला दिया. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा रिज़वान फरार है. पूरी घटना का खुलासा जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर हुआ है. आरोपी आपस में दोस्त ही हैं.
थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि बच्चे आतिफ की हत्या बेहद निर्ममता से की गई. पहले नायलॉन की रस्सी से उसका गला घोंटा गया, इसके बाद चेहरे पर ईंट से हमला किया. हत्या के बाद आरोपी घबरा गए और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को रेहान के घर पलंग की पेटी में डाल दिया. वारदात शनिवार को बच्चे के घर से करीब 30 मीटर दूर स्थित एक छह मंजिला इमारत की छत पर की गई. इसके बाद शव को उसी इमारत के चौथी मंजिल स्थित एक फ्लैट में ले जाकर छिपाया.
शुक्रवार शाम से लापता था बच्चा
थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चा आतिफ अली आठवीं कक्षा में पढ़ता था और शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे घर के बाहर से लापता हो गया था. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बच्चा आतिफ अली एक मल्टी में जाता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद जब पुलिस और परिजनों ने इमारत की तलाशी ली तो छत पर बच्चे का खून से सना जैकेट मिला. मल्टी के पीछे कचरे के ढेर से उसका बैग भी बरामद हुआ.
छत पर मिले खून के निशान
पुलिस के अनुसार मल्टी की छत पर तीन से चार जगह खून के धब्बे मिले थे, जिन्हें साफ करने की कोशिश की गई थी. इससे पुलिस को आशंका और गहरी हो गई. बच्चे की तलाश और पूछताछ के दौरान 21 वर्षीय आरोपी रेहान पुलिस के साथ ही घूम रहा था, उसके हाव-भाव संदिग्ध लगे. पूछताछ करने पर वह गोलमोल जवाब देता रहा. बाद में उसके घर की तलाशी ली गई.
सख्ती पर टूटा, शव छिपाने की बात कबूली
थाना प्रभारी के मुताबिक सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि शव पलंग पेटी में छिपाया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने पेटी से बच्चे का शव बरामद किया. वारदात में आरोपी का दोस्त रिजवान भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है.
रात में सुनाई दी थी बचाओ-बचाओ की आवाज
आसपास के रहवासियों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 9.30 बजे किसी महिला की बचाओ-बचाओ की आवाज सुनने की सूचना दी थी. उस समय पुलिस ने जांच की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी.
हत्या का कारण अभी साफ नहीं
थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं.
