
भोपाल। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अशोका गार्डन पुलिस ने जहरीली शराब बेचने की कोशिश कर रहे आरोपी नफीस पिता अब्दुल रहमान (32 वर्ष) निवासी सैफिया नगर को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अरुण लाल की टीम को सूचना मिली थी कि एमपीएल तिराहा झुग्गी के पास औद्योगिक क्षेत्र में एक व्यक्ति कच्ची महुआ शराब बेचने की फिराक में है। पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो आरोपी भागने लगा, जिसे पकड़कर तलाशी लेने पर दो लीटर की दो बोतलें जहरीली शराब से भरी मिलीं। बोतल खोलने पर तीखी और हानिकारक गंध आई। आरोपी के पास शराब का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34, 49(ए) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ पहले से 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
