विजन-2047 के साथ मध्यप्रदेश बनाएगा विकास का स्वर्णिम भविष्य

भोपाल: मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर रवींद्र भवन में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के आगामी 25 वर्षों के विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि विजन-2047 को लेकर हमारी मनोभावना है कि हम सब मिलकर मध्यप्रदेश के भविष्य का खाका तैयार करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश 1956 में विभिन्न राज्यों को मिलाकर बना था और आज यह प्रदेश अपने 69 वर्ष पूरे कर 70वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के दिल के रूप में प्रसिद्ध मध्यप्रदेश जितना सशक्त और संपन्न होगा, उतना ही देश का विकास संभव है।डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 8 एयरपोर्ट संचालित हैं और 9वें एयरपोर्ट की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।

साथ ही, मध्यप्रदेश देश का एकमात्र राज्य है जिसने एक साथ सभी सेक्टर में हवाई सेवाओं के लिए एमओयू किए हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं। पूर्वी और पश्चिमी मध्यप्रदेश को जोड़ने के साथ ही, पर्यटन, उद्योग, और हवाई सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य प्रदेश को टीम लीडर राज्य के रूप में स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में एमपी ई-सेवा पोर्टल और इन्वेस्ट एमपी 3 पोर्टल का लोकार्पण किया गया है जिससे निवेशकों और आम नागरिकों को डिजिटल सुविधा मिलेगी।
डॉ. यादव ने कहा कि रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से अब तक 6 लाख करोड़ के एमओयू हुए हैं, जबकि जीआईएस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 24 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 8 लाख 44 हजार करोड़ के निवेश को स्वीकृति दी गई है। इससे लगभग 6 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र में भी 23,853 करोड़ के निवेश से 8 लाख युवाओं को रोजगार मिला है।

हमारी सरकार ने दो वर्षों में 60 हजार सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है, और जल संसाधनों का उपयोग संतुलित ढंग से किया जाएगा ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिले।उन्होंने बताया कि सिंहस्थ-2028 को भव्य और दिव्य बनाने की योजना तैयार की जा रही है, जिसके तहत 30 किलोमीटर लंबे घाटों पर 24 घंटे में 5 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर सकेंगे।अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर एक रुपया जनकल्याण में खर्च हो और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक स्टेडियम और एक हेलीपैड निर्माण की दिशा में चरणबद्ध रूप से कार्य किया जा रहा है।
मुख्य बिंदु:
विजन-2047 के तहत 25 वर्षों का विकास रोडमैप तैयार।
मध्यप्रदेश में 9वां एयरपोर्ट निर्माणाधीन।
एमपी ई-सेवा और इन्वेस्ट एमपी 3 पोर्टल का लोकार्पण।
24 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में 8.44 लाख करोड़ की स्वीकृति।
6 लाख लोगों को रोजगार, 60 हजार सरकारी पदों पर नियुक्ति।
सिंहस्थ-2028 के लिए विशाल प्रबंधन योजना तैयार।
हर विधानसभा में स्टेडियम और हेलीपैड निर्माण की दिशा में कार्य।

Next Post

वेनेज़ुएला में ज़मीनी हमले पर अभी कोई फैसला नहीं - ट्रम्प

Sat Nov 1 , 2025
वॉशिंगटन, 01 नवंबर ( वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि उन्होंने अभी तक यह निर्णय नहीं लिया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका, वेनज़ुएला पर ज़मीनी हमले करेगा या नहीं। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान उन मीडिया रिपोर्टों के विपरीत है जिनमें कहा गया था […]

You May Like