जबलपुर: भेड़ाघाट चौराहा के पास स्थित जिलेटिन फैक्ट्री से निकलने वाले गंदे नाले के पानी की जांच की जाएगी। नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार ने भेड़ाघाट सीएमओ को जांच के निर्देश दिए हैं। विदित है कि बहुजन चेतना विकास मोर्चा ने विगत दिनों जिलेटिन फैक्ट्री से निकलने वाले नाले का निरीक्षण किया। उनका आरोप है कि फैक्ट्री में मरे हुए जानवरों की हड्डियों को जिलेटिन बनाने के लिए धोने का पानी बिना उपचार के सीधे नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है।
जिसके कारण यात्री और स्थानीय ग्रामीण इस प्रदूषण को देखकर दुखी हैं। उन्होंने पानी को सेहत के लिए हानिकारक बताया गया है। बहुजन चेतना विकास मोर्चा ने अपने साथियों के माध्यम से पानी के नमूने एकत्र किए और वीडियो बनाकर स्थिति उजागर की थी। जिसके बाद नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा था, जिसके बाद नगर निगम कमिश्नर ने भेड़ाघाट सीएमओ को जिलेटिन फैक्टरी से निकलने वाले गंदे पानी की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
इनका कहना है
कमिश्नर सर के यहां से जांच करने के निर्देश का पत्र प्राप्त हुआ है, अभी हमारे द्वारा वहां इंस्पेक्शन नहीं किया गया है, एक हफ्ते में फैक्ट्री से निकलने वाले गंदे पानी की जांच की जाएगी।
विक्रांत झारिया, सीएमओ भेड़ाघाट
