सीहोर। गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन 7 फरवरी से शुरू होकर 7 मार्च तक किया जाएगा. कलेक्टर बालागुरू के द्वारा किसान पंजीयन एवं उपार्जन के संपूर्ण कार्य पर्यवेक्षण, स्कंध की गुणवत्ता, निरीक्षण, उपार्जन की समस्त प्रक्रिया एवं उपार्जन नीति के अंतर्गत आने वाली कठिनाइयों के निराकरण के लिए जिला उपार्जन समिति का गठन किया गया है.
समिति अध्यक्ष कलेक्टर बालागुरू के हैं और जिला आपूर्ति अधिकारी को सदस्य सचिव बनाया गया है. इसके अलावा अन्य अधिकारियों को समिति का सदस्य बनाया गया है. कलेक्टर बालागुरू के द्वारा उपार्जन नीति के अंतर्गत आने वाली कठिनाइयों के खंड स्तर पर निराकरण के लिए उपखंड स्तरीय उपार्जन समितियों का गठन किया गया है. इन समितियों में संबंधित एसडीएम को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है और सहायक आपूर्ति अधिकारियों को सदस्य सचिव बनाया गया है. इसी प्रकार जिला तकनीकी समिति का भी गठन किया गया है, ताकि पंजीयन एवं उपार्जन के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके.
इसी तरह प्रतिदिन जिले से किसानों के पंजीयन, खरीदी एवं भुगतान संबंधी समस्याओं का निराकरण के लिए कलेक्टर कार्यालय के कक्ष 114 में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. यह जिला स्तरीय कंट्रोल रूम रबी पंजीयन, उपार्जन एवं सम्पूर्ण भुगतान कार्य समाप्ति तक स्थापित रहेगा. उन्होंने उचित दिशा निर्देश जारी किए हैं.
