नयी दिल्ली, 29 जनवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल के औसत भाव घट गये। चावल के साथ गेहूं भी सस्ता हुआ। वहीं चीनी की कीमतों में टिकाव रहा जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 11 रुपये गिरकर 3,836 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं तीन रुपये टूटकर 2,852 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। वहीं, आटे की कीमत लगभग स्थिर रही।
दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत 20 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। उड़द दाल 17 रुपये महंगी हुई जबकि चना दाल के दाम कमोबेश गत दिवस के स्तर पर ही रहे। मसूर दाल 13 रुपये और मूंग दाल पांच रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा 10 रिंगिट की बढ़त में 4,327 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा 0.48 प्रतिशत चढ़कर 54.57 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल औसतन 42 रुपये और सूरजमुखी तेल 27 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सोया तेल की कीमत 14 रुपये और वनस्पति की तीन रुपये बढ़ी। सरसों तेल नौ रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ जबकि पाम ऑयल में टिकाव रहा।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव दो रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। वहीं, चीनी गत दिवस के स्तर पर ही टिकी रही।
