इंदौर: देश ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी से प्रदेश में कल उज्जैन सहित कई शहरों में ओले गिरे. वहीं शहर में भी कई क्षेत्रों में बारिश हुई और कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई. इस कारण आज शहर का तापमान सामान्य से 4 डिग्री गिर गया और दोपहर बाद चली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी.पिछले दो दिनों से ऊपरी हिस्सों में कम दबाव का पक्का सिस्टम बनने के कारण बर्फबारी हो रही है. मैदानों इलाकों में बारिश हुई और कई स्थानों पर ओले भी गिरे. कल उज्जैन में अंडे के आकार के ओले पड़े.
वहीं शाजापुर, सीहोर, ग्वालियर, भोपाल सहित कई शहरों में तूफानी ठंडी हवाओं ने भारी ठिठुरन बढ़ा दी. उक्त शहरों में बर्फीली हवाओं के कारण कंपकपाने वाली ठंड पड़ रही है. इंदौर में भी कल मौसम ने करवट बदली और शहर के पश्चिम क्षेत्र में 15 मिनट तक तेज बारिश हुई. कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई. आज शहर में दिनभर 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही थी. इस कारण आज दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज हुआ है जो सामान्य से 4 डिग्री कम था. यही नहीं शाम को ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाते हुए पारा और लुढ़का दिया. शाम को 5.30 बजे तापमान 20 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य से 7 डिग्री कम है.
एक हफ्ते तेज ठंड पड़ने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार देश के ऊपरी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी से आने वाले एक हफ्ते तक तेज या बहुत तेज ठंड पड़ने की संभावना है. दिन में भी गर्म कपड़ों के बिना घरों से निकलना शारीरिक रूप से नुकसानदायक साबित हो सकता है
