अगले सप्ताह अमेरिका यात्रा पर जा सकते हैं जयशंकर

नयी दिल्ली 28 जनवरी (वार्ता) विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के अगले सप्ताह महत्वपूर्ण खनिज संबंधी बैठक में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका यात्रा पर जाने की संभावना है।

यह बैठक चार फरवरी को वांशिगटन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मेज़बानी में होगी।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने आश्वासन दिया था कि भारत को अगले महीने अमेरिका के आठ देशों के समूह पैक्स सिलिका (सिलिकॉन आपूर्ति श्रृंखला) में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि दोनों देश व्यापार, टैरिफ और रूस से भारत के तेल आयात को लेकर महीनों से चले आ रहे तनाव के बाद लंबे समय से लंबित व्यापार वार्ताओं में भी प्रगति की उम्मीद कर रहे हैं।

श्री गोर ने कहा था कि अमेरिका और भारत केवल साझा हितों से ही नहीं, बल्कि उच्चतम स्तर पर स्थापित मजबूत संबंधों से जुड़े हैं।

उन्होंने फरवरी में भारत को पैक्स सिलिका व्यवस्था में शामिल करने की योजना की भी घोषणा की, जिसके तहत सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा।

भारत को दिसंबर में शुरू किए गए पैक्स सिलिका में शुरू में शामिल नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि सच्चे मित्र असहमति रख सकते हैं, लेकिन अंततः अपने मतभेदों को सुलझा ही लेते हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष उस व्यापार समझौते को लेकर सक्रिय रूप से बातचीत जारी रखे हुए हैं, जिसकी शुरुआत लगभग एक वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वॉशिंगटन यात्रा के दौरान हुई थी।

 

Next Post

विंध्या अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव: सीधी की धरा में इटली, मुंबई और तमिलनाडु के आयेंगे कलाकार

Wed Jan 28 , 2026
सीधी । विंध्या अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के आयोजन में सीधी की धरा में इटली, मुंबई और तमिलनाडु के कलाकार आयेंगे। वैष्णवी गार्डन सीधी में गुरूवार 29 जनवरी से शुरू हो रहे सिनेमा और संस्कृति के अनूठे संगम में देश-विदेश के कलाकार एवं अतिथियों की उपस्थिति में ऐतिहासिक आयोजन होगा। महोत्सव […]

You May Like