
भोपाल। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में रविवार शाम सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। ब्लड बैंक के पीछे स्थित अस्पताल की लिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात स्त्री रोग विभाग की महिला अटेंडेंट से एक अज्ञात युवक ने सोने की चेन झपट ली। आरोपी ने मास्क लगा रखा था और वारदात को अंजाम देने के बाद सीढ़ियों के रास्ते फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि लिफ्ट में महिला कर्मचारी उस समय अकेली थीं। आरोपी युवक ने पहले नेत्र रोग (ऑफ्थैल्मोलॉजी) विभाग से जुड़ी बातें कर भरोसा जीतने की कोशिश की। जैसे ही लिफ्ट तीसरी मंजिल पर पहुंची, युवक ने अचानक महिला की सोने की चेन छीनी, उन्हें धक्का दिया और भाग निकला।
घटना के बाद पीड़िता करीब 10 मिनट तक सदमे में रोती रहीं, बाद में एक सुरक्षा गार्ड ने उन्हें संभाला। सोमवार शाम तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी थी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनमें आरोपी आंशिक रूप से मास्क में दिखाई दे रहा है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार रविवार को स्टाफ की कमी के चलते सुरक्षा व्यवस्था कमजोर रही। इस घटना के बाद व्यस्त चिकित्सा संस्थानों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं।
