इंदौर: मूसाखेड़ी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे लोडिंग वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.जांच अधिकारी ब्रजेश वर्मा ने बताया कि 26 जनवरी को दोपहर करीब 12.30 बजे सावरिया धाम मंदिर के सामने यह हादसा हुआ. 34 वर्षीय फरियादी राहुल चौहान निवासी क्षेत्र अपने दोस्त के यहां शिव नगर मूसाखेड़ी जा रहे थे.
वे मोटरसाइकिल नम्बर एमपी 09 एनएक्स 1201 से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक लोडिंग वाहन के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर के कारण राहुल के पैर में चोट आई. पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लोडिंग वाहन चालक के मामला कायम किया है.
