बैतूल। मध्यप्रदेश के सारणी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला वीडियो पोस्ट करने के मामले में एक युवक के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोपी पर मुस्लिम समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर हिंदुओं को भड़काने का आरोप है।
सूत्रों के अनुसार जिले के बगडोना निवासी आयुष सिंह ने पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को बाबा मठारदेव मेले में एबीवीपी द्वारा आयोजित भंडारे में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए थे। इसके अगले दिन आरोपी अंकित पंडोले ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने मुस्लिम समाज के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मामले के आगे बढ़ने पर आरोपी ने एक और पोस्ट डालकर माफी मांगते हुए कहा कि उसका उद्देश्य किसी की भावनाएं आहत करना नहीं था।
इस मामले में पुलिस ने धार्मिक भावनाएं भड़काने की धाराओं में आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
