
सिंगरौली। जिले के बरगवां रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। रेलवे ट्रैक पर एक स्कूली छात्र का दो टुकड़ों में कटा हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस और बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान पास के ही गांव मनिहारी निवासी सन्नी के रूप में हुई है। वह एक स्कूली छात्र था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सन्नी को पढ़ाई को लेकर पिता ने डांटा था। इसी बात से वह काफी नाराज और मानसिक रूप से आहत हो गया था।
परिजनों के अनुसार, डांट के बाद सन्नी घर से निकल गया और सीधे बरगवां रेलवे स्टेशन पहुंच गया। आशंका जताई जा रही है कि गुस्से और मानसिक तनाव में आकर उसने रेलवे ट्रैक पर जाकर मालगाड़ी के सामने लेटने का खौफनाक कदम उठाया। उसी दौरान वहां से एक मालगाड़ी गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से छात्र का शरीर पेट के हिस्से से दो टुकड़ों में कट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंचा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे मामले की विवेचना की जा रही है।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
