
भोपाल। थाना ईंटखेड़ी क्षेत्र स्थित विभिन्न व्यावसायिक फार्म हाउसों का आकस्मिक निरीक्षण एवं सघन चेकिंग की गई. निरीक्षण के दौरान 4एच फार्म हाउस, गुलशन-ए-नवाब फार्म, अल हबीबी फार्म (जगदीशपुर), इन्फिनिटी एवं शाही पैलेस फार्म हाउस (परवेखेड़ा) तथा रिवर साइड फार्म हाउस (ईंटखेड़ी) की सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई. चेकिंग के दौरान पार्किंग क्षेत्र, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, फार्म हाउस के बाहरी परिसर, गार्डन एवं स्विमिंग पूल क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया गया, जिन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं पाए गए, वहां संचालकों को दो दिवस के भीतर कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि परिसर की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके.
साथ ही फार्म हाउसों में कार्यरत नौकरों, कर्मचारियों एवं चौकीदारों का पुलिस सत्यापन कराने, स्विमिंग पूल संचालन संबंधी 29 जून 2011 के गजट नोटिफिकेशन का पालन करने तथा डायवर्शन, गुमाश्ता, पंचायत अनुमति, विधिवत विद्युत कनेक्शन एवं अन्य आवश्यक विभागीय पंजीयन एवं अनुमतियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए. फार्म हाउस संचालकों को एक सप्ताह के भीतर संचालन हेतु आवश्यक सभी विभागीय अनुमतियों एवं पंजीयन संबंधी दस्तावेजों की छायाप्रति संबंधित थाने में उपलब्ध कराने हेतु भी निर्देशित किया गया.
पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने बताया कि भोपाल नगरीय क्षेत्र की सीमा से लगे सभी थाना क्षेत्रों में इस प्रकार का विशेष सुरक्षा एवं सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा. अभियान का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाना, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करना है.
