
भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्यप्रदेश पुलिस के चार अधिकारियों को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक तथा 17 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की है। ये पदक स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को आयोजित अलंकरण समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक पाने वालों में पुलिस आयुक्त इंदौर संतोष कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन मिथिलेश कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश कुमार गोस्वामी तथा निरीक्षक शिव कुमार पटेल शामिल हैं। यह पदक पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और दीर्घकालिक विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
वहीं सराहनीय सेवा पदक कानून व्यवस्था एवं जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए चयनित अधिकारियों में पुलिस महानिरीक्षक एवं सचिव गृह विभाग कृष्णावेणी देसावतु, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खंडवा मनोज कुमार राय, जोनल पुलिस अधीक्षक ग्वालियर गितेश कुमार गर्ग, पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल दुर्गेश कुमार राठौर सहित विभिन्न इकाइयों के निरीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं, जिनमें एआरएमआर के कर्मी भी सम्मिलित हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि ये सम्मान मध्यप्रदेश पुलिस की पेशेवर दक्षता, समर्पण और ईमानदारी के साथ जनसेवा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
