उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन प्रवास पर रहे, जहां उन्होंने शहर में आयोजित राहगीरी महोत्सव में सहभागिता कर नागरिकों के साथ स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के दौरान आमजन से संवाद किया और ऐसे आयोजनों को शहरों में सकारात्मक वातावरण बनाने वाला बताया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हामूखेड़ी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय पहुंचे, जहां वे ‘हर क्षमता को उड़ान’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी प्रतिभाओं को पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर विद्यार्थी को समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
