
इटारसी। विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति बहनों ने वृंदावन गार्डन में 7 स्टार क्लब द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता की। इस अवसर पर व्यासपीठ पर विराजमान ब्रजभूमि गोवर्धन से पधारी कथावाचक बाल साध्वी राधा देवी का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कथा के दौरान बाल साध्वी राधा देवी ने अपने मुखारविंद से श्रीकृष्ण जन्म महिमा का अत्यंत रोचक और भावपूर्ण प्रसंग सुनाया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मातृशक्ति बहनों ने आरती में सहभागी बनकर धर्मलाभ अर्जित किया।
स्वागत-सम्मान कार्यक्रम में नगर संयोजिका अनीता तिवारी, सह संयोजिका आरती मालवीय, मीरा तिवारी, सुमन चौहान सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति बहनें उपस्थित रहीं। आयोजन के दौरान आयोजक जसवीर छाबड़ा भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अनुरुद्ध चंसौरिया ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में सकारात्मक धार्मिक वातावरण निर्मित होता है और समाज में शांति एवं सद्भाव को बल मिलता है।
