
इटारसी। जीआरपी इटारसी ने विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 5 स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा (भापुसे) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू सिंह डावर एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल इटारसी महेंद्र सिंह कुल्हारा के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी जीआरपी संजय चौकसे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपियों को दबोचा।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर लेते और उन्हें कम दामों में बेचने की फिराक में रहते थे।
मामले की शुरुआत 10 जनवरी 2026 को हुई, जब नर्मदापुरम निवासी रोहन पवार (27) ने जीआरपी चौकी नर्मदापुरम में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि भाई को ट्रेन में बैठाने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-2 के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया से उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस शिकायत पर जीआरपी इटारसी में अपराध क्रमांक 38/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
21 जनवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रामजी बाबा मंदिर के पास दो युवक कम कीमत में मोटरसाइकिल बेचने की बात कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर बसंत चौहान (24), निवासी वार्ड नंबर-2 रेहटी, जिला सीहोर और उसके साथ मौजूद 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी की वारदातों को स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पहले दो मोटरसाइकिलें मौके से बरामद की गईं, जबकि बाद में आरोपियों के घर से तीन अन्य स्प्लेंडर बाइकें जब्त की गईं। बरामद सभी मोटरसाइकिलें विभिन्न चोरी के मामलों से संबंधित पाई गई हैं।
जीआरपी इटारसी द्वारा आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
