यूकी भांबरी-आंद्रे गोरान्सन की जोड़ी दूसरे दौर में

मेलबर्न, 21 जनवरी (वार्ता) भारत के यूकी भांबरी और उनके स्वीडिश साझीदार आंद्रे गोरान्सन ने बुधवार को स्थानीय वाइल्ड कार्ड जेम्स डकवर्थ और क्रूज हेविट की जोड़ी को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 पुरुष युगल स्पर्धा के दूसरे राउंड में जगह बना ली है।

आज यहां खेले गये मुकाबले में भारत के टॉप रैंक वाले पुरुष युगल टेनिस खिलाड़ी, दुनिया के नंबर 21 यूकी भांबरी और आंद्रे गोरान्सन की जोड़ी ने सिर्फ 57 मिनट में जेम्स डकवर्थ और क्रूज हेविट पर 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की।

साल के पहले ग्रैंड स्लैम में 10वीं सीड वाली इस इंडो-स्वीडिश जोड़ी ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और उनकी सर्विस लगभग परफेक्ट थीं।

पहले सेट में, उन्होंने अपने पांच सर्विस गेम में से चार लव पर जीते, सिर्फ नौवें गेम में एक पॉइंट गंवाया। पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 और कई ग्रैंड स्लैम विजेता लेटन हेविट के बेटे जेम्स डकवर्थ और क्रूज हेविट के खिलाफ आठवें गेम में मिला ब्रेक सेट जीतने के लिए काफी थी। दूसरे सेट में भी यही सिलसिला जारी रहा, भांबरी और गोरान्सन ने फिर से अपने पांच सर्विस गेम में से चार बिना कोई अंक गंवाए जीत दर्ज की।

अगले राउंड में, भांबरी और गोरान्सन का मुकाबला। मेक्सिको के सैंटियागो गोंजालेज और नीदरलैंड के डेविड पेल तथा ब्राजील की जोड़ी मार्सेलो मेलो और फर्नांडो रोम्बोली के बीच होने वाले मैच की विजेता जोड़ी से होगा।

इससे पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन में, पुरुष युगल ड्रॉ में एकमात्र अन्य भारतीय टेनिस खिलाड़ी निकी कलियंदा पूनाचा पहले राउंड में बाहर हो गए। पूनाचा और उनके थाई जोड़ीदार प्रुचिया इसारो मंगलवार को स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज और जौमे मुनार से 7-6(3), 7-5 से हार गए।

यूकी भांबरी मेलबर्न में मिश्रित युगल स्पर्धा में अमेरिका की 2018 विंबलडन चैंपियन निकोल मेलिचर-मार्टिनेज के साथ जोड़ी बनाएंगे। पहले राउंड में उनका मुकाबला चीन की झांग शुआई और जर्मनी के टिम पुट्ज की जोड़ी से होगा। यह भाम्बरी का ग्रैंड स्लैम मिश्रित युगल स्पर्धा में सिर्फ दूसरी उपस्थिति है।

 

 

 

Next Post

हार्दिक पांड्या के बिना टीम इंडिया अधूरी है: आकाश चोपड़ा

Wed Jan 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 जनवरी (वार्ता) आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप भारत और श्रीलंका 2026 से पहले अपनी आखिरी टी20 सीरीज़ के लिए भारत तैयार है, जिसमें वह पांच मैचों की टी20 सीरीज में न्यूज़ीलैंड का सामना कर रहा है, जबकि टीम कॉम्बिनेशन को लेकर कई दुविधाएं हैं। जियोहॉटस्टार के ‘गेम […]

You May Like