चंदन चोरी केस ठंडे बस्ते में,ईएसआईसी अस्पताल में हुई वारदात का अब तक खुलासा नहीं

इंदौर. नंदानगर स्थित ईएसआईसी बीमा अस्पताल परिसर से चंदन के पेड़ काटकर ले जाने की सनसनीखेज घटना को समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है. गार्ड को बंधक बनाकर की गई इस वारदात के बाद जांच की रफ्तार पर सवाल खड़े हो रहे हैं. अब पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे बाहर से आए पेशेवर चंदन चोर सक्रिय हो सकते हैं.

जांच में सामने आया है कि वारदात पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई थी. तड़के अस्पताल पहुंचे बदमाशों ने पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, फिर गार्ड को बातों में उलझाकर हथियार दिखाकर काबू में कर लिया. कुछ ही देर में परिसर के चंदन के पेड़ काटे गए और उन्हें कार में लादकर आरोपी फरार हो गए थे. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे, जिसमें एक सफेद कार और चार संदिग्ध नजर आए, लेकिन नंबर स्पष्ट नहीं हो सका. तकनीकी जांच के बावजूद अभी तक न वाहन का सुराग मिला है और न ही आरोपियों की पहचान अब तक हो पाई है. मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात का तरीका पहले हुई चंदन चोरी की घटनाओं से मेल खाता है. कुछ समय पहले एमवाय अस्पताल परिसर में भी इसी तरह गार्ड को धमकाकर चंदन के पेड़ काटे गए थे. उस मामले में शाजापुर और खंडवा से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई थी. इसी वजह से मौजूदा केस में भी इन जिलों के गिरोहों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल पुलिस पुराने मामलों के आरोपियों की जानकारी खंगाल रही है और उनके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है.

Next Post

कार से नकदी उड़ाने वाले गिरोह का अब तक नहीं लगा कोई सुराग पुलिस की जांच साउथ गैंग पर अटकी

Sun Jan 18 , 2026
इंदौर. शहर में कारों से लाखों रुपए की नकदी चोरी करने वाला गिरोह पुलिस की पकड़ से अब तक बाहर है. बीते कुछ महीनों में हुई दो बड़ी वारदातों के बाद भी आरोपियों तक नहीं पहुंच पाने से पुलिस की जांच पर सवाल उठने लगे हैं. दोनों मामलों में पुलिस […]

You May Like