कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी

बेंगलुरु, 18 अगस्त (वार्ता) कर्नाटक में मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए अगले पांच दिनों में पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया। मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।

रेड अलर्ट वाले जिलों में उडुपी, दक्षिण कन्नड़, शिवमोग्गा, चिक्कमगलुरु और उत्तर कन्नड़ शामिल हैं। बेलगावी और हावेरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि बेल्लारी, बेंगलुरु में लगातार बारिश के साथ तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है।

बेंगलुरु शहर में 23 अगस्त तक लगातार बारिश होने का अनुमान है। वहां हल्की से मध्यम बारिश होगी और बादल छाए रहेंगे तथा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले 24 घंटों में वहां का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है और अगले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।

आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट के निकट निम्न दबाव का क्षेत्र 19 अगस्त तक बढ़ते रहने का अनुमान है जिससे पूरे कर्नाटक में व्यापक रूप से भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। तटीय और उत्तरी आंतरिक क्षेत्रों में 20 अगस्त तक भारी बारिश होगी जबकि बेंगलुरु सहित दक्षिणी आंतरिक क्षेत्रों में 23 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहेगी। 24 से 26 अगस्त के बीच बारिश में कमी आने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने बंगलुरू, मलेनाडु और तटीय जिलों में, विशेष रूप से निचले क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। नागरिक एजेंसियों से संभावित बाढ़, उखड़े पेड़ों और अन्य बारिश संबंधित खतरों से निपटने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को तैयार रखने के लिए कहा गया है।

मौसम विभाग ने निवासियों को सलाह दी है कि जहां तक संभव हो घर में रहें, आधिकारिक सलाह का पालन करें और आपात स्थिति की तुरंत सूचना दें।

 

 

Next Post

चालू वित्त वर्ष में 12-14 प्रतिशत बढ़ेगा दूरसंचार कंपनियों का परिचालन लाभ: क्रिसिल

Mon Aug 18 , 2025
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) बाजार अध्ययन एवं साख निर्धारण कंपनी क्रिसिल ने सोमवार को कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष में देश की दूरसंचार कंपनियों का औसत परिचालन लाभ 12 से 14 प्रतिशत तक बढ़कर 1.55 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंचने की उम्मीद है। क्रिसिल ने एक रिपोर्ट में […]

You May Like